सीसीएसयू के प्राइवेट परीक्षा फॉर्म में अधिकांश एडेड कॉलेजों की सीटें फुल हो गई हैं। शिकायत यह भी है कि कॉलेज नहीं खुल रहे। मंगलवार को 50 हजार से अधिक छात्रों ने परीक्षा फॉर्म भरा। अब तक करीब पौने तीन लाख छात्र-छात्राएं फॉर्म भर चुके हैं। छात्रों की परेशानी अभी जारी हैं। विवि में प्रत्यावेदन देने वालों की लाइन लगी रही। उधर, कॉलेजों में फार्म जमा करने की भीड़ है।
प्राइवेट में ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर और पोस्ट ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर की एडेड कॉलेजों में सीट फुल हो गई हैं। वेबसाइट पर एडेड कॉलेज नहीं दिख रहे। साइबर कैफे जाकर छात्र वापस लौट रहे हैं। अब सेल्फ फाइनेंस का विकल्प है। हालांकि छात्रों का आरोप है कि फार्म खुले ही नहीं तो सीट कैसे फुल हो गई।
बैक और गैरहाजिर वाले छात्रों की विवि में प्रत्यावेदन देने की लाइन लगी है। मंगलवार दोपहर तक पौने तीन लाख फार्म भरे जा चुके थे। फार्म की रफ्तार बढ़ी है। विवि को उम्मीद है कि अगले दो दिन में अधिकांश फार्म भर जाएंगे। अंतिम तिथि चार मार्च है।
एलएलबी के फॉर्म का इंतजार
एलएलबी के परीक्षा फॉर्म अभी खुले नहीं हैं। विवि का कहना है कि मंगलवार रात तक खुल जाएंगे। उधर, सिंगल विषय के छात्रों के फॉर्म भी अभी नहीं खुल रहे। इन पर विवि विचार कर रहा है। एक-दो दिन में यह भी ओपन होने की उम्मीद है।
42 हजार छात्रों का डाटा मिला
मेरठ और सहारनपुर मंडल में करीब 42 हजार छात्रों का डाटा नहीं मिल रहा था। कंपनी को अब यह उपलब्ध कराया गया है। छात्रों के फार्म नहीं खुलने की समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। कुछ छात्रों के फार्म पुरानी गलतियों की वजह से नहीं खुल रहे। इन पर विवि विचार कर रहा है। एक-दो दिन में इनको लेकर निर्देश जारी किए जा सकते हैं।