सीसीएसयू ने अंडर ग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन के लिए आखिर में ओपन मेरिट जारी कर अपना काम तो कर दिया, लेकिन प्रवेशार्थियों की परेशानी हुई। कंपनी की ओर से सभी प्रवेशार्थियों के पास ओपन मेरिट का मैसेज पहुंचा। मंगलवार को वह एडमिशन के लिए आवेदन करने कॉलेज पहुंचे। ज्यादातर को निराश होकर लौटना पड़ा। कई जगह हंगामा भी हुआ। कुछ कॉलेजों ने मेरिट के हिसाब से पहले ही आवेदन आने और सीट नहीं बचने की बात कहकर टरका दिया।
विवि ने यूजी की सीट भरने के लिए नौ मेरिट जारी की। आखिर में ओपन मेरिट जारी कर दी। इसमें कॉलेजों में रजिस्टर्ड सभी प्रवेशार्थियों की लिस्ट भेज दी। उधर, प्रवेशार्थियों के मोबाइल नंबर पर ओपन मेरिट का मैसेज चला गया। कुछ इसे मेरिट में नाम आना समझे तो कुछ आवेदन लगाने पहुंचे। कॉलेजों में ओपन मेरिट के लिए आवेदन देने की मारामारी रही।
आरजी गर्ल्स कॉलेज में आवेदन जमा नहीं होने पर हंगामा हुआ। मेरठ कॉलेज से भी आवेदक निराश लौटे। इस्माईल नेशनल महिला कॉलेज में भी भीड़ रही। कुछ कॉलेजों ने ओपन मेरिट में ओबलाइज का खेल कर दिया है। उन्होंने अपने लोगों का आवेदन ही स्वीकार किया। किसी ने सीट भरने की बात कहकर तो किसी ने परसेंटेज कम बताकर लौटा दिया।
कॉलेजों को नौ सितंबर को विवि के एडमिशन पोर्टल पर एडमिशन कंफर्म करने हैं। कॉलेज अपने मेरिट जारी कर एडमिशन कंफर्म करेंगे। मंगलवार को प्रवेशार्थी को काफी परेशान होना पड़ा। उधर, पीजी के रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं। 15 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया चलेगी।