सीसीएसयू से संबंधित मेरठ और सहारनपुर मंडल के कॉलेजों में शुक्रवार से बीए, बीकॉम, एमए और एमकॉम के सभी वर्ष के प्राइवेट परीक्षा फार्म वेबसाइट पर भर सकते हैं। 18 से 28 जनवरी तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और फीस जमा की जा सकती है। एक से 06 फरवरी तक कॉलेजों में फार्म का प्रिंट आउट जमा कराकर कागजों का सत्यापन कराया जा सकेगा। कॉलेज छात्र-छात्राओं द्वारा ऑनलाइन भरे गए रिकॉर्ड के मुताबिक प्रमाण पत्रों का सत्यापन करने के बाद परीक्षा फार्म को लॉक करेंगे।
सीसीएसयू के कॉलेजों में बीए, बीकॉम, एमए और एमकॉम प्राइवेट प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षा फरवरी माह में प्रस्तावित हैं। 18 जनवरी से विवि की वेबसाइट सीसीएसयू वेब डॉट इन पर फार्म ऑनलाइन भरे जा सकते हैं। इस बार नए नियमों से भरवाए जा रहे फार्म में यूनिवर्सिटी छात्र-छात्राओं को खुद कॉलेज अलॉट करेगी। 28 जनवरी तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के साथ शुल्क जमा किया जा सकेगा। जो छात्र-छात्राएं 28 जनवरी तक रजिस्ट्रेशन करने के बावजूद फीस जमा नहीं कर पाएंगे, उनको 31 जनवरी तक का एक मौका मिलेगा। 31 के बाद विवि छात्र-छात्राओं को कॉलेज अलॉट करेगा। 1 से 10 फरवरी तक छात्र-छात्राएं वेबसाइट से अपना फार्म डाउनलोड करेंगे। इस बार कॉलेजों में छात्रों को कोई फीस जमा नहीं करनी है। अगर कोई कॉलेज फीस मांगता है तो उसकी विवि प्रशासन से शिकायत करें। कॉलेजों को यूनिवर्सिटी प्रति छात्र के हिसाब से 465 रुपये अदा करेगी।