संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने परिसर व उससे संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश जारी किए हैं कि दिसंबर-2025 विषम सेमेस्टर के सभी पाठ्यक्रमों के आंतरिक परीक्षा अंक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पोर्टल https://ccsuniversityweb.in/ पर अपलोड किए जाएं। ऐसा न करने पर छात्रों के सैद्धांतिक परीक्षा प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं हो सकेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्थान पर होगी।
परीक्षा नियंत्रक के मुताबिक 29 अक्तूबर, चार नवंबर और 12 नवंबर को जारी निर्देशों के बावजूद अधिकांश कॉलेजों ने अभी तक अंक अपलोड नहीं किए हैं। अब अंतिम चेतावनी दी गई है कि सैद्धांतिक परीक्षाएं शुरू होने से पहले अंक अपलोड कर दिए जाएं। अपलोड में समस्या आने पर हेल्पलाइन नंबर 9258933900, 9259089985 या ई-मेल helpdeskccsuwebgmail.com पर संपर्क करने के लिए कहा गया है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि कोई भी प्रवेशित छात्र अंक अपलोड करने से नहीं छूटना चाहिए। पूर्णांक व प्राप्तांक का गहन परीक्षण कर ही अंक अपलोड करें ताकि त्रुटि न रहे। अनुपस्थित छात्रों की सूची सहित अंकों की हार्डकॉपी गोपनीय विभाग की खिड़की नंबर-40 पर जमा करानी होगी। यह निर्देश परीक्षा समिति की 20 मार्च 2021 की बैठक व कुलपति के आदेश के अनुपालन में जारी किए गए हैं।