मेरठ। राजभवन से हरी झंडी मिलने पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) पांच अक्तूबर को दीक्षांत समारोह आयोजित करेगा। समारोह सुभाष चंद्र सभागार में होगा। इसके मद्देनजर कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने सोमवार शाम बैठक की और तैयारियों का खाका खींचा। समारोह में अन्य अतिथियों को बुलाने पर भी चर्चा हुई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कुलपति ने दीक्षांत समारोह के लिए राज्यपाल को पत्र लिखा था। इस पर राजभवन ने पांच अक्तूबर की तारीख नियत करते हुए जवाब भेज दिया है। इसके बाद सोमवार को कुलपति ने कुलसचिव धीरेंद्र कुमार, आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. मृदुल गुप्ता, प्रो. संजय भारद्वाज एवं अभियंता मनीष मिश्रा के साथ बैठक की। कुलपति ने कहा कि दीक्षांत समारोह गरिमापूर्ण और भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा।
अधीनस्थों से कहा कि विवि परिसर अथवा कॉलेजों के प्रतिभाशाली छात्रों और शोधार्थियों की सूची जल्द बनाई जाए ताकि समय पर सूचित किया जा सके। इसमें किसी भी तरह की ढिलाई नहीं होना चाहिए। इस दौरान तय किया गया कि विगत दीक्षांत समारोह की तरह राज्यपाल को परेड में सलामी से लेकर मंच तक पहुंचाने के लिए पायलट महिला एनसीसी कैडेट्स ही रहेंगी।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के बच्चों को भी समारोह में बुलाया जाएगा ताकि वह उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित हों। समारोह में आने वाले बच्चों को फल के अलावा पुस्तकें भी दी जाएंगी। इस दौरान कुलपति ने ये भी निर्देश दिए कि हर हाल में 20 अगस्त तक सभी अंतिम वर्ष के परिणाम घोषित कर दिए जाएं और टापर्स की सूची बना ली जाए।