- छात्रों ने कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन देकर उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में छात्रों ने शुक्रवार को कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपकर स्पेशल बैक परीक्षा कराने की मांग की।
छात्र नेता विनीत चपराना ने कहा कि कुछ छात्रों ने तो अपने सभी सेमेस्टर सफलता पूर्वक पूरे कर लिए हैं, लेकिन किन्हीं कारणों से पिछले किसी एक या अधिक सेमेस्टर में बैक होने के कारण उनकी डिग्री अभी तक अधूरी है। इसमें वे छात्र भी शामिल हैं जो यूजी एनईपी के अंतर्गत अपनी पढ़ाई कर रहे हैं। इन छात्रों का भविष्य अनिश्चितता से घिरा है।
अधूरी डिग्री के कारण वे उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म भरने से वंचित हैं। छात्र हित में यह अत्यंत आवश्यक है कि ऐसे छात्रों को उनकी डिग्री पूर्ण करने का एक अंतिम अवसर प्रदान करने के लिए विशेष बैक परीक्षाओं का आयोजन किया जाए। वहीं विश्वविद्यालय की यूजी एनईपी प्रणाली के तहत अध्ययनरत अनेक छात्र किसी न किसी सेमेस्टर में मात्र एक या दो अंकों से अनुत्तीर्ण हो रहे हैं। यह स्थिति छात्रों में निराशा उत्पन्न कर रही हैं और उनके शैक्षणिक भविष्य पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल रही है।
उन्होंने कहा कि अन्य विश्वविद्यालयों जैसे कि एमएसयू सहारनपुर में छात्रों को अधिकतम पांच अंकों का ग्रेस प्रदान किया जा रहा है। ऐसे में हम सीसीएसयू से अपेक्षा करते हैं कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में भी अधिकतम पांच अंकों का ग्रेस दिए जाने का प्रावधान किया जाए। यह निर्णय उन छात्रों के लिए संजीवनी का कार्य करेगा जो मामूली अंतर से अनुत्तीर्ण हो रहे हैं। उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। ज्ञापन देने वालों में रोहित गुर्जर, दिवाकर सैनी, आशु आदि मौजूद रहे।