पीएचडी प्रवेश परीक्षा पर आज लगेगी मुहर
सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में पीएचडी प्रवेश परीक्षा को लेकर कैंपस में बुधवार को बैठक होनी है। प्रवेश परीक्षा मई महीने में ही आयोजित कराई जा सकती है। पीएचडी में प्रवेश के लिए आखिरी बार सीईटी की परीक्षा अप्रैल 2016 में हुई थी। सीईटी में पास होने वाले छात्र-छात्राओं को छह महीने का रिसर्च कोर्स वर्क करना पड़ेगा।
रिसर्च कोर्स वर्क में पास होने पर उनकी आरडीसी होगी। यूनिवर्सिटी मई में प्रवेश परीक्षा आयोजित कराना चाहती है। पीएचडी में रजिस्ट्रेशन के लिए अभी सिर्फ मुक्त श्रेणी वाले छात्र-छात्राओं को सीधे रजिस्ट्रेशन की छूट है।
मुक्त श्रेणी में जेआरएफ, नेट, एमफिल, एनआरआई, गेट और आर्मी पर्सन शामिल हैं। इन सभी को पीएचडी के लिए सीईटी देने की बाध्यता नहीं है। 50 फीसदी सीटों पर रजिस्ट्रेशन सीईटी पास करने वाले छात्र-छात्राओं के किए जाएंगे। 2017 तक के डाटा के मुताबिक सभी विषयों में सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में पीएचडी की 4220 सीटें हैं, जिनमें से 2594 सीटें खाली हैं। 1626 पर छात्र-छात्राएं शोध कर रहे हैं। हालांकि इसमें अभी बदलाव के आसार हैं।