मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय व उससे संबंधित मेरठ मंडल के कॉलेजों में स्नातक और स्नातकोत्तर वार्षिक परीक्षाएं 17 मार्च से शुरू हो रही है। इन परीक्षाओं में ढाई लाख विद्यार्थी शामिल होंगे और परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। जिसमें पहली पाली दस से एक और दूसरी दो से पांच बजे तक संचालित होगी। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र और केंद्र होली से पहले जारी कर दिए जाएंगे।
सीसीएसयू में पहली बार तीन के बजाय दो पालियों में पेपर होंगे और यह अप्रैल में संपन्न हो जाएंगे। दो पाली में पेपर होने से कॉलेजों में सम सेमेस्टर की कक्षाएं जारी रहने की उम्मीद है। परीक्षा कार्यक्रम पहले ही वेबसाइट पर जारी हो चुका है और अभी इसमें कोई बदलाव नहीं है। छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से तथ्यों का पता करते हुए ही कोई निर्णय लें। सीसीएसयू के अनुसार परीक्षा में डेढ़ सौ से अधिक केंद्र बनने की उम्मीद है।
नर्सिंग मैनेजमेंट का पेपर दो अप्रैल को
एमएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष में नर्सिंग मैनेजमेंट पेपर कोड 201 की परीक्षा दो अप्रैल को दो से पांच बजे की पाली में होगी। अधिक जानकारी वेबसाइट से हासिल की जा सकती है।
फॉर्म सत्यापन को दो दिन बचे
विश्वविद्यालय ने यूजी-पीजी रेगुलर-प्राइवेट वार्षिक परीक्षा फॉर्म भरने वाले छात्रों को राहत दी है। जिन छात्रों के परीक्षा फॉर्म अभी तक सत्यापित नहीं हुए, उनके लिए पोर्टल 10 मार्च तक खुला रहेगा। मेरठ मंडल से संबंधित कॉलेजों में अनेक छात्रों के फॉर्म अभी सत्यापित नहीं हो सके थे। कॉलेज 11 मार्च तक ये फॉर्म विश्वविद्यालय कैंपस में जमा कराएंगे। विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं 17 मार्च से दो पालियों में शुरू होने जा रही हैं।
अप्रैल में बीएड फाइनल के प्रैक्टिकल
मेरठ मंडल में संबंधित बीएड कॉलेजों में अंतिम वर्ष के प्रैक्टिकल अप्रैल के पहले हफ्ते में ही शुरू हो जाएंगे। विश्वविद्यालय इसी महीने बीएड अंतिम वर्ष के प्रैक्टिकल का कार्यक्रम जारी कर देगा। अधिकतम 15-20 दिनों में प्रैक्टिकल कराए जाएंगे। मई में बीएड की मुख्य परीक्षाएं शुरू होंगी। ऐसे में विश्वविद्याल एवं कॉलेजों ने प्रैक्टिकल कराने की प्रक्रिया आरंभ कर दी हैं। प्रैक्टिकल में 40 हजार से अधिक छात्र शामिल होंगे।