मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सभी महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालय रविवार को अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे। टीईटी आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक आने और मार्कशीट-डिग्री संबंधी कामों में भारी भीड़ को देखते हुए विवि प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। इस संबंध में कुलसचिव अनिल कुमार यादव के निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशानुसार के अनुसार, गोपनीय शाखा, परीक्षा शाखा, डिग्री शाखा, लेखा शाखा और कंप्यूटर सेल सहित सभी प्रशासनिक कार्यालय सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
दरअसल पिछले दिनों छात्र-छात्राएं बीएड अंकतालिकाओं और मार्कशीट-डिग्री के लिए कई दिनों से कैंपस में भटक रहे थे। यूपी टीईटी के आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि पास आ रही थी। इससे छात्रों में काफी तनाव था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की इस समस्या को गंभीरता से लिया है। पूर्व छात्र संघ महामंत्री अंकित अधाना और विनीत चपराना ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की। उन्होंने रविवार को भी दफ्तर खोलने की अपील की थी। उनकी मुख्य मांग थी कि कोई भी अभ्यर्थी टीईटी आवेदन से वंचित न रह जाए। छात्र नेताओं की समस्या को देखते हुए कुलसचिव ने देर शाम आदेश जारी किया। इस आदेश से हजारों छात्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।