उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 160 टीमों के भाग लेने की संभावना है।
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना (मेरठ)। बरनावा रोड स्थित द्रोण पब्लिक स्कूल में 22 से 25 जुलाई तक पांचवीं सीबीएसई नॉर्थ जोन-19 गर्ल्स कबड्डी क्लस्टर प्रतियोगिता का आयोजन होगा। चार दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 160 टीमों के भाग लेने की संभावना है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार प्रतियोगिता में मेरठ, आगरा, अलीगढ़, गौतमबुद्ध नगर, नोएडा, सहारनपुर, मथुरा, बुलंदशहर, बागपत, बिजनौर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद समेत उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, हल्द्वानी, कोटद्वार, उधम सिंह नगर, गदरपुर, लक्सर और अन्य क्षेत्रों की छात्राएं प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन 22 जुलाई को अपराह्न 3:00 बजे होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य अश्वनी त्यागी होंगे।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमों के लिए कंकरखेड़ा बाईपास, सोहराब गेट और मेरठ कैंट को प्रमुख आगमन स्थल बनाया गया है। इन स्थानों से खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों को विद्यालय तक लाने के लिए परिवहन की व्यवस्था की गई है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा, परिवहन और खेल संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. निधि सहगल, उप प्रधानाचार्य मोहम्मद अरशद खान, एडमिन कोऑर्डिनेटर दीपक यादव, इवेंट इंचार्ज मोहम्मद आदिल, कोच सियानंद पतंजलि और महिला कोच मानसी व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।