- एमडीए उपाध्यक्ष ने प्रस्ताव बनाने का आश्वासन दिया
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। कैटल कॉलोनी विकसित करने को लेकर शनिवार को प्राधिकरण कार्यालय में उपाध्यक्ष से डेयरी संचालक मिले। डेयरी संचालकों ने नंगला पातु में प्रस्तावित कैटल कॉलोनी में जाने से इन्कार करते हुए वेदव्यास पुरी में इको पार्क के लिए चिह्नित जमीन का लेआउट चेंज कर उसमें कैटल कॉलोनी बसाने की सिफारिश की। उपाध्यक्ष ने डीएम के माध्यम से प्रस्ताव बनाने का आश्वासन दिया।
उपाध्यक्ष से पशुपालकों संग मिले आरटीआई कार्यकर्ता लोकेश खुराना ने बताया कि शनिवार को अवकाश के दिन भी जनहित में उपाध्यक्ष की ओर से समय दिया गया था। उन्होंने बताया कि वेदव्यास पुरी में इको पार्क की जमीन है, जिसका मौजूदा समय में कोई प्रयोग नहीं है। वहीं दूसरी ओर मेडा की ओर से ग्राम नंगला पातु में डेरी कैटल कॉलोनी के लिए प्रस्ताव दिया गया था लेकिन वहां आसपास लगातार गोकशी हो रही है। ऐसे में पशुपालकों के लिए वहां जाना सुरक्षा की दृष्टि से घातक है। उन्होंने बताया कि इको पार्क की जमीन पर कैटल कॉलोनी विकसित की जा सकती है, जहां पहुंच मार्ग भी आसानी से उपलब्ध है।
उपाध्यक्ष अभिषेक पांडेय ने बताया कि हाईकोर्ट का आदेश है कि शहर से बाहर कैटल कॉलोनी विकसित की जाए। ऐसे में पशुपालकों से बात कर बीच का रास्ता तलाशा जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले में जिलाधिकारी से वार्ता कर हल निकाला जाएगा।