प्लाईबोर्ड तोड़कर अंदर घुसे दो बदमाश, डीवीआर भी ले गए
सीसीटीवी में दिख रहे आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र में मंगलपांडे नगर स्थित पैंटालूंस के शोरूम से रविवार रात दो बदमाश 1.58 लाख की नकदी, कई कीमती घड़ी व अन्य सामान चोरी कर ले गए। बदमाश एसी लगाने के लिए छोड़ी गई जगह का प्लाइबोर्ड तोड़कर अंदर घुसे। तीसरी मंजिल पर ऑफिस के लाॅकर का ताला खोलकर नकदी चोरी की।
भूतल से महंगी घड़ियां व अन्य सामान चोरी कर लिया। शोरूम में लगे कैमरे की डीवीआर भी साथ ले गए। शोरूम के आसपास लगे कैमरों में दो संदिग्ध युवक कैद हुए हैं। शोरूम के मैनेजर ने थाना मेडिकल पर तहरीर दी है।
शोरूम के मैनेजर जितेंद्र सैनी ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि रविवार को शोरूम बंद होने के बाद सभी कर्मचारी चले गए थे। सोमवार सुबह 11 बजे उन्होंने शोरूम खोला तो ग्राउंड फ्लोर पर सामान बिखरा पड़ा था। काउंटर में रखी कई कीमती घड़ियां गायब थीं। उन्होंने ऊपर जाकर देखा तो ऑफिस में रखा लाॅकर खुला हुआ था। चाबी भी उसमें लगी थी। लाॅकर में रखे 1.58 लाख रुपये नहीं थे।
प्रथम तल से सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी बदमाश ले गए। दूसरी मंजिल पर एसी लगाने को बनाई खिड़की की प्लाई टूटी पड़ी थी। माना जा रहा है कि बदमाश इसी रास्ते से शोरूम के अंदर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। मैनेजर ने फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मेडिकल पुलिस मौके पर पहुंची और शोरूम के कर्मचारियों से पूछताछ के साथ जांच पड़ताल की।
-
शोरूम में काम करने वाले कर्मचारियों पर संदेह
पुलिस ने शोरूम के आसपास के भवनों पर लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो उसमें सुबह करीब चार बजे दो आरोपी हाथ में दो भारी बैग लेकर जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि चोरी की वारदात में कोई शोरूम में काम करने वाला शामिल हो सकता है। बदमाशों को शोरूम के बारे में पूरी जानकारी थी। वह सीधे लॉकर तक पहुंचे और नकदी चोरी की। इसके बाद घड़ी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
-
थम नहीं रही चोरी की वारदात
शहर में चोरी की वारदात थम नहीं रही हैं। बदमाश आए दिन चोरी की वारदात कर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में बदमाशों ने टीपीनगर में टायर शोरूम में चोरी, नई बस्ती में चालक सुनील के घर चोरी, भावनपुर की पॉश कॉलोनी ग्लोबल सिटी में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।