कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र के एक गांव में उधार के पैसे लेने जा रही महिला पर दंपती व एक युवक ने हमला कर दिया। पीड़िता ने आरोपियों पर जातिसूचक शब्द व मारपीट करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र दिया था। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी व मारपीट का केस दर्ज कर किया गया। महिला ने बताया कि उसकी परचून की दुकान है। गांव का ही एक युवक काफी समय से उसकी नाबालिग भांजी को परेशान कर रहा था। विरोध करने पर धमकी देता था। महिला ने आरोपी के खिलाफ थाने पर शिकायत की थी। महिला पांच अगस्त को गांव के ही एक युवक से अपने पैसे लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान आरोपी नजरू, जाहिद व गुड्डो ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने महिला से शिकायत वापस लेने के लिए कहा था। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज कर दी थी। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला पर हमला कर दिया था। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर आ गए थे। आरोपी हमला करने के बाद मौके से भाग गए थे। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल ने का कहना है कि केस दर्ज कर दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद