बागपत में कांवड़ यात्रा के दौरान भड़काऊ भाषण देने के मामले में साध्वी प्राची के खिलाफ डीजीपी के निर्देश पर दोघट थाना पुलिस ने केस दर्ज कराया है। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने एएसपी अनिल कुमार सिंह को प्रकरण की जांच सौंप दी। साध्वी ने मुस्लिम कारीगरों के हाथों से बनी कांवड़ और राखी नहीं खरीदने को कहा था। पुलिस जांच में जुट गई है।
साध्वी प्राची आर्या ने गत 24 जुलाई को दाहा गांव में कांवड़ सेवा शिविर उद्घाटन कार्यक्रम में कहा था कि मुस्लिम कारीगरों के हाथों से बनी कांवड़ और राखी नहीं खरीदे। हिंदू कारीगर कांवड़ और राखियां तैयार करें। सरकार दो बच्चों वाला कानून लागू करें ताकि जिसके दो या तीन बच्चों से अधिक हैं, उन्हें वोट डालने एवं सरकारी सुविधाओं से वंचित किया जाए। जब मुस्लिम सड़कों पर नमाज अदा करते थे तो कोई नहीं बोल रहा था, अब हिंदू सड़कों पर हनुमान चालीसा पढ़ रहे हैं। इसमें किसी को एतराज नहीं होना चाहिए।
इसके बाद कई सियासी संगठनों ने साध्वी प्राची के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। डीजीपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए। शनिवार को दोघट थाना के एसआई भगवत प्रसाद ने साध्वी के खिलाफ धारा 153, 153ए, 505(2), 188 आईपीसी के तहत केस दर्ज कराया गया। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने पूरे प्रकरण की जांच एएसपी अनिल कुमार सिंह को सौंप दी है।
एसपी ने बताया कि साध्वी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। भड़काऊ भाषण की वीडियो फुटेज को लखनऊ भेजा जाएगा। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/