कैराना। बिना कनेक्शन के बिजली का उपयोग करने पर विद्युत विभाग ने नगर पालिका चेयरमैन के पुत्र के विरुद्ध बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।
लाइन लास के चलते विद्युत विभाग की टीम लगातार बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चला रही है। रविवार शाम करीब साढे 6 बजे विद्युत विभाग के एसडीओ सलिल कुमार गौतम के नेतृत्व में जेई सुरजीत कुमार, टीजी 2 कय्यूम, कवर, फिरोज आदि ने मोहल्ला अंसारियान दो घरों पर छापा मारा। इस दौरान एक घर में विद्युत कनेक्शन पाया गया जबकि नगर पालिका के चेयरमैन शमशाद अहमद के पुत्र उमर अंसारी के घर पर सीधे एलटी लाइन पर केबल डालकर विद्युत चोरी मिली। टीम ने वीडियोग्राफी करने के बाद केबल जब्त कर लिया। बाद में जेई सुरजीत कुमार ने विद्युत थाना शामली पर उमर अंसारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। मामले में पालिका चेयरमैन शमशाद अहमद ने बताया कि उनको इसकी जानकारी नही है।
रविवार को नगर के मोहल्ला अंसारियान में दो घरों में चेकिंग की गई थी। उमर के घर पर चोरी से बिजली चलाने पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। सलिल कुमार गौतम ,एसडीओ कैराना।
स्ट्रीट लाइट से बिजली चोरी करने पर छह के विरुद्ध मुकदमा
कैराना। स्ट्रीट लाइट के केबल पर तार जोड़कर बिजली चोरी करने के मामले में विद्युत विभाग ने छह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
रविवार सुबह विद्युत विभाग के एसडीओ सलिल कुमार गौतम के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ने नगर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने मोहल्ला दरबारखुर्द में गुलजार, शिव कुमार, सलीम व मोहल्ला छडियान निवासी सावेज व मोहल्ला आलकला निवासी शकील व सलमान के घरों में स्ट्रीट लाइट के केबल में कट लगाकर वहा अपने घर का तार जोड़कर बिजली चोरी करने पर मुकदमा दर्ज कर लिया। एसडीओ सलिल कुमार गौतम ने बताया कि छह घरों में स्ट्रीट लाइट से तार जोड़कर बिजली चोरी की जा रही थी। सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।