मेरठ। आरएफसी गोदामों से डीलरों को कम राशन दिए जाने तथा ठेकेदार द्वारा दुकान तक राशन पहुंचाने के नाम पर घटतौली किए जाने का मामला केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के दरबार में पहुंच गया है।
डीलर ने इसकी लिखित शिकायत दो दिन पहले जिला पूर्ति अधिकारी से की थी। वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुंतेस गौतम को भी पत्र भेजा। राशन डीलरों की शिकायत पर आरक्षी विभाग के अधिकारियों ने दो दिन पहले जांच की थी। वहीं, पूरे मामले पर लीपापोती करने का प्रयास किया। बता दें कि चार दिन पहले कंकरखेड़ा क्षेत्र में आरएफसी गोदाम के ट्रांसपोर्ट ठेकेदार ने एक दुकान के बाहर राशन के बोरे डलवा दिए थे। उनका कहना था कि दुकानदार ने प्रति कुंतल किराया नहीं दिया। यह समाचार अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। उसके अगले दिन डीलर इकट्ठा होकर जिला पूर्ति अधिकारी के पास पहुंचे थे। इसके बाद डिप्टी आरएमओ ने मामले की जांचकर खानापूर्ति की। शनिवार को खिर्वा रोड स्थित गोदाम पर फिर विवाद हो गया। डीलर पवन वर्मा का आरोप है कि एसएमआई राशन की घटतौली करा रहे हैं। इसका विरोध किया गया तो वह अभद्रता पर उतर आए। पवन वर्मा का कहना है कि पूरे प्रकरण की शिकायत केंद्रीय खाद्य एवं रसद मंत्री रामविलास पासवान को भेज दी है। इनके अतिरिक्त डीलरों की शिकायत पर लोक जनशक्ति पार्टी महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुंतेस गौतम ने केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उधर, खिर्वा रोड स्थित गोदाम के एसएमआई सुरेंद्र कुमार का कहना है कि डीलरों का आरोप निराधार है। उच्चाधिकारी उनके आरोपों पर जांच कर चुके हैं। कोई डीलर बयान देने नहीं पहुंचा।