संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना क्षेत्र के रसूलपुर मढ़ी गांव में चार दिन पूर्व दोपहर के समय ग्राम प्रधान दीपक और उसके साथियों द्वारा पड़ोसी के मकान में घुसकर मारपीट और फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित आशु पुत्र जगपाल ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर वह घर में खाना खा रहे थे। इसी दौरान मुख्य दरवाजे में किसी ने लोहे की राॅड मारी। आवाज सुनकर उनके भाई अंकुर ने दरवाजा खोला। अचानक ग्राम प्रधान दीपक और उसके साथी मुकेश, आकाश तथा दो अज्ञात व्यक्ति लाठी-डंडे और हथियार लेकर मकान में घुस आए। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने अंकुर के साथ मारपीट की।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान ने जेब से पिस्टल निकालकर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली मिस हो गई और कोई हानि नहीं हुई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए चले गए। घटना मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।