उत्तर प्रदेश के शामली में मंगलवार को लाॅकडाउन के उल्लंघन महामारी अधिनियम के तहत 13 नामजद समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ये सभी जनपद के झिंझाना थानाक्षेत्र की एक मस्जिद में एकत्र होकर नमाज अदा कर रहे थे। दूसरी ओर गांव मन्नूगढ़ में सोमवार देर रात बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट और पथराव के बाद सात लोगों का शांतिभंग में चालान किया है।
झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव गुज्जरपुर में मस्जिद में इकट्ठा होकर नमाज पढ़ने के मामले में पुलिस ने 13 नामजद सहित 15 लोगों के खिलाफ लॉक डाउन उल्लंघन और महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
झिंझाना थाना प्रभारी पीके सिंह ने बताया की सोमवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव गुज्जरपुर में स्थित मस्जिद में कुछ लोग इकट्ठा होकर नमाज पढ़ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने गांव में पहुंचकर मामले की जांच की थी। जांच में सूचना सही पाई गई।
इस मामले में गांव के उमरदीन, महबूब,आजम, गुलशेर , आसिफ, बिल्लू असार, हाजी इस्लाम, सलीम, रुस्तम,जबरदीन, मोहसिन, जीशान औरदो अज्ञात के खिलाफ लॉक डाउन का उल्लंघन करने और महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है ।
मारपीट-पथराव में सात लोगों का शांति भंग में चालान
झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव मन्नूगढ़ में सोमवार देर रात बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया था। इस घटना में 7 लोग दीपक, मोहन, रेशमा, रवि, मांगेराम, ओमपाल और राजा घायल हो गए थे। घटना की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची थी और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
थाना प्रभारी पीके सिंह ने बताया इस मामले में एक पक्ष से मोहन, ओमपाल और राजा दूसरे पक्ष से इरफान, साकिब, इकबाल, और इदरीश को पकड़कर सभी का शांति भंग में चालान किया गया है।