सरधना। मेरठ-करनाल हाईवे पर बीती 10 अप्रैल को नानू और दबथुवा में हुए दो सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवक और स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इन मामलों में पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जबकि हाईवे पर जाम लगाने वाले करीब 192 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें दबथुवा में जाम लगाने पर 150 अज्ञात और नानू में सात नामजद के अलावा 35 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीण आक्रोशित हैं और एसएसपी से मिलने की बात कही है।
मेरठ-करनाल हाईवे पर 10 अप्रैल को दबथुवा गांव के मुख्य बाजार में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया था। हादसे में बाइक सवार अभिषेक पुत्र जगपाल और अकांशु पुत्र रविंद्र निवासी गांव बहादरपुर की मौत हो गई थी। आरोपी चालक कार छोड़कर फरार हो गया था। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया था।
दूसरे हादसे में नानू गांव में भी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर लगने से स्कूटी सवार नफीस पुत्र गुलेशर निवासी गांव भैंसा मवाना की मौत हो गई थी और उसकी पत्नी तनीजा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। यहां भी ग्रामीणों ने घटना के विरोध में शव मेरठ-करनाल हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया था।
एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित और सीओ संजय कुमार जायसवाल के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला था। पुलिस ने दबथुवा में हाईवे जाम करने के आरोप में राजू, अंकित, बंटी, उधम, संजय और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ व राहगीरों से अभद्रता करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, नानू गांव में जाम लगाने वाले मूलचंद, अस्सू, शहजाद, मोबिन, फिरोज, शाहरुख, बाबू व 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। दोनों गांवों के लोग जल्द ही सरधना थाना पुलिस की कार्रवाई के विरोध में एसएसपी से मिलेंगे।