कार सवारों ने की ढाबा संचालक से मारपीट
दौराला। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कनौड़ा गांव के सामने एक ढाबा संचालक के साथ कार सवार युवकों ने जमकर लाठी-डंडों से मारपीट की। बीच बचाव के लिए आए नौकर के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
ढाबा मालिक सुमित चौधरी ने बताया कि वह कनौड़ा गांव के पास ढाबा चलाते हैं। शुक्रवार को कार व बाइक पर सवार कुछ युवक ढाबे पर पहुंचे। ढाबा संचालक सुमित चौधरी से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होते देख नौकर वहां पहुंचा और संचालक को बचाने का प्रयास किया। आरोपियों ने नौकर के साथ भी मारपीट की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकालकर युवकों की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जनक सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों की पहचान करा ली जाएगी।