नशे में धुत कार सवार चार युवकों ने एक दुकान पर कर्मचारी की पिटाई कर दी। एक आरोपी को पब्लिक ने दबोच लिया जबकि पुलिस से बचने के लिए तीन युवकों ने दिल्ली रोड पर कार दौड़ा दी। कई वाहनों में साइड मारी तो, एक ऑटो में टक्कर के बाद कई सवारियां घायल हो गई। कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस को देख एक युवक ने मेवला पुल ने नीचे ही छलांग लगा दी। पुलिस ने उसे दबोच लिया।
घटना बुधवार शाम करीब छह बजे की है। दिल्ली रोड स्थित नंदलाल गुप्ता की दुकान पर कार सवार चार युवक कार में पंक्चर लगवाने पहुंचे। कर्मचारी ने टायर खराब बता बदलवाने की सलाह दे दी। आरोप है कि इस पर युवक भड़कते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदारों ने एक युवक को दबोचकर टीपी नगर पुलिस को सौंप दिया, जबकि तीन युवक कार लेकर दिल्ली रोड की ओर भागने लगे।
दिल्ली रोड पर मची भगदड़
इस दौरान ब्रह्मपुरी थाने की फैंटम पुलिस भी कार के पीछे लग गई। पुलिस से बचने को युवकों ने कार फुल स्पीड पर दौड़ा दी। कार ने मेवला फाटक के पास एक बाइक को साइड मारी, इसके बाद एक आटो में जबर्दस्त टक्कर मारी। जिसमें ऑटो और कार दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। जिसमें ऑटो सवार रहीसुद्दीन निवासी लिसाड़ी गेट गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस को पीछे आता देख एक कार सवार युवक मेवला पुल से नीचे कूद गया। उसे भी चोट आई। जिसे पब्लिक की मदद से पुलिस ने पकड़ लिया। घायल आटो चालक और कार सवार दोनों को पुलिस अस्पताल ले गई।
दो थानों में दर्ज हुए मुकदमे
पुलिस के अनुसार दुकान पर हुई मारपीट में टीपी नगर पुलिस ने परतापुर निवासी कुलदीप को गिरफ्तार किया है। जो शराब के नशे में था। वहीं, दूसरे आरोपी अभिषेक निवासी महरौली को ब्रह्मपुरी पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोनों पर केस दर्ज कराया गया है।