चांदपुर मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़क से नीचे गिरी कार स्रोत ग्रामीण
हस्तिनापुर। चांदपुर (बिजनौर) को जाने वाले गंगा पुल के टूटे संपर्क मार्ग पर भीकुंड गांव के समीप एक कार सड़क से उतरकर नीचे गिर गई। इसमें सवार लोगों काे मामूली चोट आई है। ग्रामीणों की मदद से उन्हें कार से बाहर निकाला गया।
हस्तिनापुर से चांदपुर तहसील को जोड़ने गंगा पुल का संपर्क मार्ग पिछले करीब दो साल से क्षतिग्रस्त है। यहां आए दिन राहगीरों के साथ हादसे से हो रहे हैं। बुधवार रात यहां पर एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। दूसरे वाहन को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर एक कार नीचे खाई में गिर गई। कार में सवार लोगों को मामूली चोट आई है। ग्रामीणों ने उन्हें कार को बाहर निकाला। उक्त लोग विभाग की नाकामियों को कोसते हुए अपने गंतव्य की ओर चले गए। पिछले दो साल से गंगा नदी के पुल के संपर्क मार्ग की स्थिति बेहद खराब है। स्थानीय लोगों के हंगामा और प्रदर्शन के बाद भी इस सड़क को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है।
स्थानीय किसान परेशान
इस समय गन्ने का सीजन चल रहा है। गांव बधुआ खेड़ी समेत अन्य गांवों के किसान गंगा पार से ट्रॉली में गन्ने मिल में पहुंचा रहे हैं। उन्हें भी हर समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने का भय बना रहता है। कई बार लोगों ने सड़क बनवाने की मांग की, परंतु समस्या का समाधान नहीं हुआ। हर रोज यहां जान जोखिम में डालकर सफर किया जा रहा है।