सरूरपुर। रविवार की रात करनाल हाईवे पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सरधना थाना क्षेत्र के गांव राधना निवासी अनिल जैन पुत्र पदम चंद जैन अपने भाई के साथ में बाइक पर सवार होकर भूनी की ओर से करनाल हाईवे पर गांव को जा रहे थे। बताया गया कि जोली राइट माइनर पर जब बाइक सवार दोनों भाई पहुंचे तो पीछे से तेज स्पीड आई एक कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मारकर उड़ा दिया। जिससे दोनों उछलकर काफी दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायल अनिल जैन की उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। उसके भाई अनीत की अभी भी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि टक्कर मारने वाले आरोपी कार चालक को कार सहित गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी।