दहेज की मांग पूरी न होने पर कैंट क्षेत्र में एक फौजी ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। महिला के मायके वालों ने फौजी के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराते हुए गिरफ्तारी के लिए हंगामा किया। सदर बाजार थाना पुलिस ने आरोपी फौजी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार अमेठी के थाना मोहनगंज के गांव पूरे दिखतन निवासी रणबहादुर सिंह ने अपनी बेटी सीमा (24) की शादी दिसंबर 2016 में रायबरेली के थाना सरेनी के रावतपुर कला निवासी अविनाश से की थी। अविनाश आर्मी में तैनात है और इस समय मेरठ छावनी में सिग्नल कोर में तैनात है। दंपति छावनी स्थित योगेंद्र एंकलेव में रह रहा था। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपी अविनाश सीमा का शारीरिक उत्पीड़न करता था। कई बार समझाने के बावजूद दहेज में कार और दो लाख रुपये की मांग की जाती थी। आरोप है कि बृहस्पतिवार को फौजी ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके बाद भी आरोपी अविनाश ने मौत की सूचना नहीं दी। विवाहिता के पिता ने बताया कि अविनाश के गांव में ही उनके परिवार की लड़की की शादी हुई थी। बृहस्पतिवार रात उन्होंने सीमा की मौत का पता चला तो वह मेरठ पहुंचे और पुलिस से जानकारी ली।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर सदर बाजार प्रशांत कपिल ने बताया कि विवाहिता के पिता की तहरीर पर आरोपी अविनाश के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अविनाश ने दावा किया कि उसने पत्नी की हत्या नहीं की। वह तो अस्पताल में लेकर पहुंचा था, जहां उसकी मौत हुई थी।
एसएसपी से मिले मायके पक्ष के लोग
शुक्रवार को महिला के मायके पक्ष के लोग एसएसपी से मिले। परिजनों ने एसएसपी से कहा कि सदर बाजार पुलिस आरोपी फौजी को बचाने की कोशिश कर रही है। पहले तो रिपोर्ट देरी से दर्ज की। अब कहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट न बदलवा दे। जिसके बाद एसएसपी ने एसपी क्राइम को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी क्राइम शिवराम यादव ने बताया कि आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही महिला की मौत का कारण पता चल सकेगा। उसके अनुसार कार्रवाई होगी।