बंगला एरिया में अवैध निर्माण ध्वस्त करता बुलडोजर व कैंट बोर्ड की टीम। स्रोत : कैंट बोर्ड।
मेरठ। कैंट बोर्ड ने बुधवार को सख्त रुख अपनाते हुए बंगला नंबर 243 भाग सर्कुलर रोड में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान लोगों ने विरोध भी किया लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में कैंट बोर्ड की टीम ने कार्रवाई करते हुए निर्माण को ढहा दिया।
बंगला संख्या 243 भाग सर्कुलर रोड मेरठ कैंट में 1993 में अशोक कुमार तनेजा व मोहम्मद यूसुफ द्वारा अवैध निर्माण किया गया था। इस पर छावनी अधिनियम 1924 के अंतर्गत कारण बताओ नोटिस, निर्माण कार्य को रोकने का नोटिस व ध्वस्तीकरण के नोटिस जारी किए गए। कोर्ट से भी वाद खारिज होने के बाद सीईओ ने अवैध निर्माण ढहाने के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया था। बुधवार को कैंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी जाकिर हुसैन के आदेश पर सहायक अभियंता पीयूष गौतम और अवर अभियंता अवधेश यादव ने पुलिस टीम के साथ अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान लोगों की पुलिस के साथ नोक-झोंक हुई। विरोध के बीच ही जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण ढहा दिया गया। टीम में सुनील, राहुल, परविंदर, चंद्रकांत, सनी, सतीश, बॉबी, रॉकी आदि शामिल रहे।