गांव सीना में देर शाम रजवाहा की पटरी टूटने से आसपास की सैकड़ों बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गई। जिससे कई किसानों की खेतों में खड़ी धान, गन्ने की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं, सिंचाई विभाग के अधिकारी ने जानकारी पाकर रजवाहे में पानी बंद करा दिया है।
गांव सीना से अकबरपुर रजवाहा गुजर रहा है। जिससे किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पानी मिलता है। देर शाम गांव सीना निवासी इसराक के खेत के पास पटरी बैठने से रजवाहे के पानी ने खेतों की ओर रुख कर लिया। जिससे गांव के इसराक, बीर सिंह, बलराज, गजेंद्र, अजीज, इकबाल एवं राहुल आदि एक दर्जन किसानों के खेतों में पानी भर गया। रजवाहे के पानी से सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। जिससे खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। अंधेरा होने के कारण फिलहाल नुकसान का सही आकंलन नहीं हो सका है। वहीं, सिंचाई विभाग के जे ई दीपक कुमार का कहना है कि सूचना मिली थी, जिस पर तुरंत ही हेड प्वाइंट से रजवाहे को बंद करा दिया है। उनका कहना है कि किसी जंगली जानवर द्वारा नीचे से पटरी को खोखली कर दिया होगा, जिस कारण पटरी टूट गई। इसे शनिवार सुबह दुरुस्त करा दिया जाएगा।
शराब ठेकेदार पर हमला
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। परीक्षितगढ़ बस स्टैंड मिल के पास स्थित अंग्रेजी शराब ठेके पर कार सवार युवकों ठेके पर हमला बोलकर ठेकेदार के साथ मारपीट की तथा तमंचे लहराकर दहशत पैदा कर दी। कार सवार युवक तमंचे लहराते हुए तथा जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। आरोपी युवक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने छह को नामजद करते हुए तहरीर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
गांव बहादुरपुर निवासी सुधीर पुत्र नत्थू सिंह ने परीक्षितगढ़ बस स्टैंड मिल रोड पर अंग्रेजी शराब की दुकान का ठेका लिया हुआ है। सुधीर ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढे़ छह बजे अल्टो कार तथा बाइक पर सवार होकर 6 लोग ठेके पर आए। वह दुकान के बाहर बैठा हुआ था। उन्होंने हाथों में लाठी-डंडे और तमंचे लिये हुए थे। उन्होंने गालीगलौज कर मारपीट करनी शुरू कर दी। वहीं, भीड़ एकत्र होते देख आरोपियों ने तमंचे लहराए तथा गोली मारने की धमकी दी और कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पीडित ने 6 को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली तथा आरोपियों द्वारा छोड़ी गई कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।