मेरठ। संचारी रोग नियंत्रण अभियान पूरे जिले में चलाया जाएगा। शासन के निर्देश पर यह अभियान प्रदेश के सभी जनपदों में एक साथ शुरू होगा।
जिलाधिकारी के. बालाजी ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का तीसरा चरण प्रदेश के समस्त 75 जनपदों में एक अक्तूबर से शुरू होकर 31 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। इसमें अलग-अलग विभागों द्वारा विभिन्न गतिविधियां होंगी। वहीं, जनता को बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। डीएम ने बताया कि अक्तूबर में आयोजित किए जा रहे दस्तक अभियान में आशा घर-घर जाकर बुखार के साथ खांसी तथा सांस लेने में तकलीफ के लक्षण के बारे में जानकारी करेंगी। ऐसे मरीजों की सूचना प्राप्त होने पर मुख्यालय को रिपोर्ट करेंगी। डीएम ने बताया कि कोविड महामारी के कारण नियमित टीकाकरण के दौरान कई शिशु टीकाकरण से वंचित रह गए। ऐसी स्थिति में सभी शिशुओं को चिह्नित करके समय से कार्ययोजना बनाते हुए इन सभी का नियमित टीकाकरण कराया जाएगा। प्रत्येक परिवार में जनवरी से सितंबर के बीच जन्मे शिशु का नाम एवं पता नोट कर टीकाकरण का विवरण निर्धारित फार्म पर अंकित करके ब्लॉक में जमा किया जाएगा। ब्यूरो