कृषि विश्वविद्यालय में हुआ खेलो इंडिया संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को खेलो इंडिया के तत्वावधान में खेलों इंडिया संवाद का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि राजेंद्र अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक संबोधन सुना। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. पुरुषोत्तम तोमर ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन खिलाड़ी केयूर मिश्रा और ताइक्वांडो खिलाड़ी तमन्ना भुसाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।विश्वविद्यालय की ओर से दोनों खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि राजेंद्र अग्रवाल को कुलपति की ओर से विश्वविद्यालय का प्रतीक चिह्न और स्मृति चिह्न भेंट किया गया। कुलपति के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डीके सिंह, कुलसचिव डॉ. वीपी सिंह, निदेशक अनुसंधान डॉ. कमल खिलाड़ी, कृषि संकाय की अधिष्ठाता डॉ. श्रेया रावत, डॉ. अतर सिंह, डॉ. मुकेश पहलवान समेत विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।