मुजफ्फरनगर। बारिश के चलते फाल्ट होने से केबल बाक्स फट गया। फाल्ट के बाद करीब आठ घंटे तक आधे शहर की बिजली गुल रही। बारिश के दौरान फाल्ट ढूंढने में काफी समय लगा। काफी मशक्कत के बाद ऊर्जा निगम कर्मियों ने फाल्ट का पता लगाकर केबल बाक्स की मरम्मत की। इसके उपरांत सायं छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
करीब आधे शहर को बिजली गुल रहने से घंटों तक दिक्कत का सामना करना पड़ा। शहर में बृहस्पतिवार देर रात से ही बारिश शुरू हो गई थी। तेज बारिश होने के कारण शुक्रवार सुबह महावीर चौक बिजलीघर से दी जा रही विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।नरा बिजलीघर से 33 केवीए की अंडरग्राउंड केबिल के माध्यम से दी जा रही आपूर्ति फाल्ट के चलते ठप हो गई।
मुख्य अभियंता पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि संधावली पुल के समीप केबल बाक्स फाल्ट के चलते फट गया था, जिस कारण बिजलीघर को आपूर्ति बाधित हो गई थी। बहादुरपुर और रेलवे रोड पर भी फाल्ट होने से आपूर्ति बाधित रही। जबकि कई अन्य स्थानों पर भी बारिश और हवा के कारण बिजली के तार टूट गए। शाम करीब छह बजे फाल्ट ठीक होने पर आपूर्ति बहाल हुई। इस दौरान कई बिजलीघरों से की जा रही दर्जनों मोहल्लों में आपूर्ति बाधित रही। बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
मीटर में लगी आग : जिला अस्पताल के ब्लडबैंक के बाहर लगे विद्युत मीटर में आग लग गई। ब्लडबैंक प्रभारी डाॅ. पीके त्यागी ने बताया कि शुक्रवार सुबह संभवत: बारिश के कारण ब्लडबैंक के बाहर लगे मीटर में आग लगी थी। इसके बाद ऊर्जा निगम कर्मचारियों ने पहुंच कर मीटर बदल दिया।