संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। पूठखास गांव में बुधवार देर शाम दुकान से घर लौट रहे व्यापारी प्रशांत पर दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों ने रास्ते में हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूठखास गांव निवासी प्रशांत गुप्ता पुत्र महेश गुप्ता ने एफआईआर में बताया कि वह बुधवार की शाम को अपनी दुकान पर ताला लगाकर घर लौट रहा था। रास्ते में गांव निवासी लोकेश ने उसे रोक लिया और बिना किसी बात के गाली-गलौज शुरू कर दी। जब प्रशांत ने इसका विरोध किया, तो लोकेश ने अपने भाई मनोज और साथी विपिन को भी वहां बुला लिया।
आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसके साथ लाठी-डंडों हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए लोकेश, मनोज और विपिन के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।