बिनौली। थाना क्षेत्र के धनोरा सिल्वरनगर गांव में बच्चों के विवाद को लेकर कार सवार युवकों ने एक परिवार की दो महिलाओं समेत चार को लाठी डंडों से बुरी तरह से पीटा। झगड़े के दौरान का एक वीडियो भी वायरल हुआ है।
धनोरा गांव निवासी प्रवीन पुत्र शिवचरण ने बताया कि वह दिल्ली में क्लस्टर बस का चालक है। वह बृहस्पतिवार को ड्यूटी से आकर अपने घर बैठा था। उसी दौरान कार सवार सात आठ लोग धारदार हथियार लेकर आए जिन्होंने उसके पुत्र रोहित को बुरी तरह से मारना पीटना शुरू कर दिया। जब उसने व महिलाओं ने उसे बचाने का प्रयास किया तो उन्होंने उनके साथ भी गाली गलौज की और मारपीट कर घायल कर दिया। जाते समय वह लोग उन्हें जान से मारने की धमकी भी देकर गए है। प्रवीन ने उक्त लोगों पर एक मोबाइल व महिलाओं के कुंडल भी छीन कर ले जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंचे यूपी 112 के पुलिसकर्मी पीड़ितों को थाने लेकर आए। घायल प्रवीन पुत्र शिवचरण, रोहित पुत्र प्रवीन, पूजा पत्नी प्रवीन, सविता पत्नी राकेश को उपचार के लिए सीएचसी बिनौली पर भर्ती कराया है। झगड़े व मारपीट का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में काफी लोग जमा हैं और दीवार पर चढ़ने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। पीड़ितों ने थाने पर नामजद तहरीर देकर करवाई की मांग की है।