दौराला (मेरठ)। दौराला थाने के पास उत्तराखंड की बस ने आगे चल रही कार में टक्कर मार दी। इस कारण कार आगे चल रही दूसरी कार से टकरा गई। हादसे में दोनों कार सवार चार महिलाओं समेत सात घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और बस चालक को हिरासत में ले लिया।
गाजियाबाद के पसौंड़ा निवासी जुनैद चौधरी शुक्रवार को अपनी बहन अफसाना, शबाना के साथ कार में सवार होकर मुजफ्फरनगर जा रहे थे। दौराला थाने के पास पीछे से आ रही उत्तराखंड की रोडवेज बस ने जुनैद की कार में टक्कर मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही मुजफ्फरनगर के गांव बरवाला निवासी संजीव फौजी की कार में घुस गई। हादसे में संजीव फौजी, भाभी नीशू, आरती, भतीजी आस्था घायल हो गए। संजीव फौजी मोदीपुरम में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
वहीं, दूसरी कार में सवार जुनैद, अफसाना व शबाना भी घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। बस व दोनों क्षतिग्रस्त कार को भी कब्जे में लेकर थाने भिजवाया। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में उपचार दिलाया और बस में बैठी सवारियों को दूसरी बस के माध्यम से रवाना किया। सिवाया टोल प्लाजा तक लगे जाम को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।