रोहटा। थाना रोहटा के सामने अवैध रूप से बनाई गई कॉलोनी पर बुधवार को पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर चला। कॉलोनी में किए गए निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया गया। हालांकि, काॅलोनाइजर ने विरोध किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई।
जानकारी के अनुसार, पूठखास गांव में थाने के सामने कुछ माह पहले एक कॉलोनी का अवैध नक्शा तैयार कर बिल्डर ने कॉलोनी काटी। बिल्डर आसपास के भोले-भाले ग्रामीणों को प्लॉट अच्छे रेट में बेचकर चंपत हो गया। बुधवार को मेरठ विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में टीम ने भारी पुलिस बल के नेतृत्व में बुलडोजर चलाकर कॉलोनी में प्लॉटों की भरी गई नींव व निर्माण को जेसीबी से उखाड़ डाला। प्लॉट स्वामी कार्रवाई को खड़े देखते रहे। एक बार सभी ने टीम का घेराव कर विरोध करने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस बल को देखते हुए नोकझोंक के बाद टीम अपना कार्य कर लौट गई।
इस मौके पर रोहटा थाना प्रभारी रविंद्र सिंह व पूठ चौकी इंचार्ज विजेंद्र सिंह, दरोगा प्रदीप सिंह, राजेश सिंह यादव आरएएफ व पीएसी बल कार्रवाई के समय मौजूद रहा। हालांकि, अवैध रूप से बनाई गई कॉलोनी को बचाने के लिए टीम के पास बार-बार नेताओं के फोन घनघनाते रहे। लेकिन टीम ने कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।