बुलंदशहर की युवती को लव जिहाद में फंसाया, आरोपी जेल भेजा
मेरठ। मेरठ में लव जिहाद का एक मामला सामने आया है। लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी युवक ने अपनी पहचान छुपाकर बुलंदशहर की एक युवती को झांसे में ले लिया। दिल्ली से युवती को मेरठ लाकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। असलियत का पता चलने पर युवती ने विरोध किया तो उसे बंधक बनाकर यातनाएं दी। युवती की दो बहनें मिलने आई तो आरोपी की करतूत का पता चला। भाजपा नेता ने पुलिस से मामले की शिकायत की। कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बुलंदशहर के सिटी क्षेत्र निवासी एक युवती दिल्ली में एक कंपनी में नौकरी करती थी। युवती का परिवार भी दिल्ली में ही रह रहा है। मेरठ के लिसाड़ी गेट कांच का पुल निवासी फैसल भी इसी कंपनी में सोनू के नाम से नौकरी करता था। आरोपी युवक ने युवती को झांसे में लेकर शादी करने की बात कही। कुछ माह पूर्व फैसल युवती को बहला-फुसलाकर दिल्ली से मेरठ ले आया। जहां लिसाड़ी गेट क्षेत्र के प्रहलाद नगर में आरोपी ने किराए पर कमरा लिया। फैसल ने पहचान छुपाते हुए सोनू के नाम से फर्जी आईडी व अन्य कागजात भी तैयार करा लिए। आसपास के लोगों को भनक न लगे इसके लिए आरोपी ने कोतवाली क्षेत्र के मोरीपाड़ा में किराए पर कमरा ले लिया। ईद के मौके पर आरोपी के घर उसके परिवार वाले मिलने आए तो युवती को भनक लगी। जिसके बाद युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसका शोषण किया। आरोपी ने युवती को कई दिन तक बंधक बनाकर कमरे में रखा। युवती की बहन जब मिलने आई तो पता चला कि आरोपी दूसरे समुदाय से है।
भाजपा महानगर मंत्री दीपक शर्मा ने इस मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की। कोतवाली पुलिस ने आरोपी फैसल पर दुष्कर्म, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे अलग-अलग स्थान पर ले जाकर दो बार गर्भपात कराया। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि युवक को दुष्कर्म के मामले में जेल भेज दिया।