मेरठ। भाजपा के मेयर प्रत्याशी हरिकांत अहलूवालिया के चुनाव को लेकर बुधवार को परतापुर बाईपास स्थित रिसॉर्ट में जाट समाज के विशिष्ट लोगों की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जनपद प्रभारी पंकज सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज और आयोजक सतेंद्र भराला ने रालोद के जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी रहे जगदीप प्रधान को भाजपा ज्वाइन कराई।
चौधरी ब्रह्मपाल सिंह, चौधरी अमन सिंह, चौधरी बलराज सिंह, चौधरी यशवीर सिंह, कर्नल अरुण सिंह, जगदीश चौधरी, विनोद चौधरी, बीना वाधवा, डॉ. मीनाक्षी भराला, दीप्ति चौधरी, पारुल चौधरी, प्रज्ञा चौधरी निर्मला सिरोही, युविका चौधरी, चौधरी तेजपाल सिंह, सचिन सिरोही, जिला पंचायत सदस्य अतुल पूनिया समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। वहीं जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष चौधरी धर्मपाल सिंह का कहना है कि जाट समाज भाजपा का बंधुवा मजदूर नहीं है। स्वेच्छा से मतदान करने के लिए स्वतंत्र हैं। हम गठबंधन प्रत्याशी के साथ हैं। वहीं, सूरजकुंड स्थित चुनाव कार्यालय पर बुधवार शाम को बसपा नेता पंकज जौली भाजपा में शामिल हो गए। पंकज जौली बसपा से शहर विधान सभा के प्रत्याशी रहे। इसके अलावा आईएमए चिकित्सक एसोसिएशन की तरफ से हरिकांत अहलूवालिया का स्वागत किया गया।
ढोल-नगाड़ों से हुआ हरिकांत अहलूवालिया का स्वागत
मेरठ। भाजपा के मेयर प्रत्याशी हरिकांत अहलूवालिया ने बुधवार को वार्ड के प्रत्याशियों के साथ वार्ड 45, 14, 18, 16, 04, 26, 53, 61 में घर-घर जाकर जनसंपर्क कर मतदान करने की अपील की। लोगों ने हरिकांत अहलूवालिया पर पुष्प वर्षा कर ढोल नगाड़ों से जोरदार स्वागत किया। हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि शहर में अपनी सरकार का मेयर न हो तो विकास की दर उतनी नहीं होती जितनी होनी चाहिए। मैंने पहले भी मेरठ के विकास के लिए ठोस कदम उठाए हैं, अबकी बार और भी मजबूत तरीके से काम करूंगा। कहा कि हमारी केंद्र व प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को देखकर भारतीय जनता पार्टी को लोगोंं को अपार जन समर्थन मिल रहा है। लोगों से अपील की कि निकाय चुनाव में सभी अपने परिचितों के साथ एक-एक वोट डलवाएं। इस मौके पर उनके साथ ऊर्जा मंत्री सोमेंद्र तोमर, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, रविंद्र तेवतिया और कमल दत्त शर्मा मौजूद रहे।