मेरठ। कांशीराम की पुण्यतिथि पर 9 अक्तूबर को लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम की तैयारी में बसपाई जुट गए हैं। बुधवार को पश्चिम उप्र प्रभारी बाबू मुनकाद अली ने फूलबाग कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय पर मेरठ मंडल के सभी जिलों के पदाधिकारियों की बैठक ली। सभी को बस और कारों से कार्यक्रम में पहुंचने के निर्देश दिए गए।
मुनकाद अली ने कहा कि लखनऊ के कांशीराम स्मारक पार्क में पुण्यतिथि का कार्यक्रम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेरठ मंडल के सभी जनपदों की प्रत्येक विधान सभा से कार्यकर्ता बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचने की तैयारी करें। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने का काम करे। इस दौरान प्रत्येक विधान सभा से लखनऊ जाने के लिए बसों और कारों का भी टारगेट तय किया गया।
बसपा की बैठक में कांशीराम की पुण्यतिथि पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों से लगता है कि बसपा फिर से 2010 वाले क्लेवर में दिखाई देगी। पुण्यतिथि कार्यक्रम के बहाने बड़ी रैली करने की तैयारी है। बैठक में मंडल कोऑर्डिनेटर रवि गौतम, जगरूप, सतपाल, सुभाष, धर्मवीर सैनी, जिलाध्यक्ष डॉ. सुभाष प्रधान, जयपाल सिंह, पूर्व पार्षद भोपाल सिंह चांदना आदि मुख्य रहे। ब्यूरो