सहारनपुर में आरसी की वसूली को लेकर जिला प्रशासन का सख्त रवैया लगातार जारी है। अवैध खनन मामले में जारी आरसी की वसूली के लिए बसपा एमएलसी महमूद अली की गांव दरा मिलकाना और गागलहेडी स्थित करीब 5.042 हेक्टेयर भूमि को तहसीलदार सदर ने कुर्क कर लिया है। उन्होंने भूमि को चिह्नित कर उस पर लाल झंडे लगा दिए हैं। इस भूमि की कीमत करीब 6 करोड़ 84 लाख रुपये बताई जा रही है। अब तक जिले भर में करीब 10 हेक्टेयर जमीन को कुर्क किया जा चुका है।
तहसीलदार सदर सुधीर कुमार ने बताया कि उप जिलाधिकारी सदर संगीता के निर्देशन में शनिवार को गांव दरा मिलकाना में 4.6541 हेक्टेयर और ग्राम गागलहेडी में 0.388 हेक्टेयर भूमि को मुनादी कराकर कुर्क कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कुर्क की गई भूमि पर लाल झंडियां लगा दी गई हैं। शेष राशि की वसूली के लिए अन्य स्थानों पर भूमि का चिह्निकरण किया जा रहा है। जिससे आरसी की पूरी राशि वसूली जा सके। उन्होंने बताया कि शनिवार को कुर्क की गई भूमि की कीमत 6 करोड़ 86 लाख 34 हजार 420 रुपये मानी जा रही है। इस भूमि की नीलामी करके आरसी की धनराशि को वसूला जाएगा।
पढ़ें : शादी वाले घर में सिलेंडर ब्लास्ट, घायलों की तस्वीरें देख सहम जाएंगे
यहां बता दें अवैध खनन के मामले में बसपा एमएलसी महमूद अली से 44 करोड़ 74 लाख रूपये की रिकवरी की वसूली को लेकर पिछले एक सप्ताह से तहसील प्रशासन उनकी संपत्तियों को चिह्नित कर उन्हें कुर्क करने की कार्रवाई कर रहा है। शनिवार को शाहपुर गाडड़ा, मिर्जापुर पोल, रहना और मायापुर रूपपुर गांवों के रकबे में एमएलसी महमूद अली की करीब साढ़े चार हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर उसे कुर्क करने कार्रवाई की है। इसके अलावा दो अन्य बकाएदारों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/