- आरोपी जीजा ने किशोर के गले पर ब्लेड से किया वार
- हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने मेरठ किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। शहर कोतवाली के गांव सालमाबाद में पत्नी को साथ नहीं भेजने से नाराज जीजा ने साले को जान से मारने का प्रयास किया। आरोपी जीजा ने बालक के गले पर ब्लेड से वार किया। गंभीर हालत में बालक को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शहर कोतवाली के गांव सलमाबाद निवासी अमित चंद के बेटे अभय (7) को हीमपुर दीपा के गांव रोहनिया निवासी उसका जीजा मोहित अपने साथ जंगल ले गया। यहां खेत में आरोपी मोहित ने किशोर के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से गले पर ब्लेड से वार कर दिया। घायलावस्था में बालक को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मेरे ससुराल वाले मेरी पत्नी आशु को मेरे साथ नहीं भेज रहे थे और ताने मारते थे। इससे परेशान होकर इस घटना को अंजाम दिया। वहीं चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए बालक को मेरठ रेफर कर दिया।
- चार घंटे लहूलुहान खेत में पड़ा रहा अभय
सुबह आठ बजे आरोपी अपने नाबालिग साले को लेकर खेत में गया था। वहां वह बालक ब्लेड मारकर घायल अवस्था में खेत में ही छोड़कर चला गया। इसके बाद वह एक बार फिर से उसे देखने गया और फिर से उसने ब्लड मारे। बालक दोपहर 12 बजे खेत में लहूलुहान में तड़पता मिला।
- तीन माह से मायके में रह रही थी आरोपी की पत्नी
आरोपी की पत्नी तीन माह से अपने मायके में रह रही थी। आरोप है कि वह पति की गलत आदतों की वजह से ससुराल जाने को तैयार नहीं थी। मंगलवार को आरोपी के बच्चे का उसके ननिहाल में ही जन्मदिन था। जिसके चलते आरोपी अपनी ससुराल में मंगलवार शाम आ गया था। उसने ससुरालवालों से बच्चे के जन्मदिन में न बुलाने पर नाराजगी जताई।
- आरोपी ने पहले दी थी पत्नी, बच्चे सहित मरने की धमकी
आरोपी ने पहले धमकी दी थी कि अगर उसकी पत्नी उसके साथ घर नहीं जाएगी तो वह उसकी पत्नी और बच्चा तीनों एक साथ मर जाएंगे। इस धमकी पर भी जब उसकी पत्नी अपनी ससुराल जाने को तैयार नहीं हुई तो गुस्से में आकर उसने अपने साले की जान लेने का प्रयास किया।
- वर्जन :
मोहित ससुराल में अपनी पत्नी को लेने आया था। किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोपी ने जंगल में जाकर अपने साले से मारपीट की और ब्लेड से गला काट दिया। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। - संग्राम सिंह, सीओ सिटी, बिजनौर