पैजनिया। क्षेत्र के ग्राम तोहफापुर में बुजुर्ग का शव दफनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पहुंचे उपजिलाधिकारी चांदपुर व तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर किसी तरह विवाद शांत कराया। साथ ही मृतक के शव का दफीना कराया।
मंगलवार शाम करीब सात बजे ग्राम तोहफापुर निवासी 75 वर्षीय निसार अहमद जंगल से अपने पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रहा था। निसार के पुत्र दिलशाद के अनुसार जंगल के पास ही घास में छिपे सांप ने उसके पिता को डस लिया, जिससे उनकी मौत हो गई थी। बुधवार सुबह परिजन निसार के शव का दफीना करने गांव के कब्रिस्तान पहुंचे तो ग्राम निवासी सतपाल सैनी और सुखबीर सिंह ने दफीना करने वाली जगह को निजी जमीन बताते हुए कब्र की खुदाई रुकवा दी।
कब्र की खुदाई रुकने पर मुस्लिम समुदाय के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। मामले बढ़ने पर उपजिलाधिकारी चांदपुर विजय शंकर, क्षेत्राधिकारी चांदपुर राजेश सिंह, क्षेत्राधिकारी बिजनौर संग्राम सिंह सहित हल्दौर, चांदपुर व नूरपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। जमीन स्वामी सतपाल सैनी और सुखबीर सिंह का कहना था कि जिस जगह मृतक को दफनाने का प्रयास किया जा रहा था। वह जगह उन्होंने दो माह पूर्व नोएडा निवासी महेश कुमार से खरीद ली है। वहीं मुस्लिम पक्ष उक्त जगह को कब्रिस्तान की बता रहा है।
जमीन की पैमाइश के लिए राजस्व विभाग की टीम को बुलाया गया। इस दौरान सुखबीर सैनी की जमीन के निकट ही ग्राम समाज की करीब डेढ़ बीघा जमीन कब्रिस्तान की बताते हुए शव का दफीना करा दिया गया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बिजनौर संग्राम सिंह ने बताया की दोनों पक्षों को समझाबुझा कर शांत करा दिया है।