- पुलिस के सामने दोनों पक्षों में हुई नोकझोंक
- युवक का आरोप रिश्ता टूटने के बाद भी शादी का दबाव बना रही युवती
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। थाना क्षेत्र के एक गांव में टूटे रिश्ते को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। मामला उस समय ज्यादा बढ़ गया जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद थाने तक पहुंच गया। कई घंटे तक चली बातचीत और नोकझोंक के कारण थाने में माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
दौराला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती और इंचौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का रिश्ता करीब डेढ़ वर्ष पूर्व तय हुआ था। बाद में किसी वजह से दोनों पक्षों के बीच बात बिगड़ गई। युवक पक्ष का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद भी युवती लगातार कॉल कर शादी के लिए दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर युवक पक्ष ने थाना दौराला में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर आमने-सामने बैठाया और समझौते का प्रयास किया। थाने में वार्ता के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। जिससे स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों को समझाकर घर भेज दिया है।