मुजफ्फरनगर में परिजनों को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर नई नवेली दुल्हन नकदी व मोबाइल लेकर फरार हो गई। एक सप्ताह पूर्व ही शादी कर दुल्हन घर आई थी। शादी के लिए लड़की पक्ष को 60 हजार रुपये भी दिए गए थे। पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की है।
मोरना में रहने वाली एक महिला का भाई उसी के पास रहता है। बताया जाता है कि वह काफी सीधा-साधा है इसलिए उसकी शादी नहीं हो रही थी। करीब 15 दिन पूर्व बिजनौर निवासी एक महिला उनके संपर्क में आई। इस महिला ने मोरना निवासी महिला को उसके भाई की शादी कराने का वादा किया। इसके लिए उसने 60 हजार रुपये भी ले लिए।
करीब एक सप्ताह पूर्व चंद लोगों की मौजूदगी में शादी की रस्म हुई और युवक की शादी कराने वाली बिजनौर निवासी महिला वहां से चली गई। तब से दुल्हन युवक के साथ ही मोरना में रह रही थी।
बताया जाता है कि शनिवार को बिजनौर निवासी महिला युवक के घर आई और रात में भी वहीं रुकी। रात्रि में दुल्हन ने कोल्ड ड्रिंक में परिजनों को नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो दुल्हन और खुद को बिजनौर निवासी बता रही महिला फरार थी।
दोनों घर से करीब दो हजार रुपये और दो मोबाइल भी ले गईं। रविवार को युवक व उसकी बहन ने चार-पांच लोगों के साथ थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।