ब्रह्मपुरी के भगवतपुरा में निव्या और कॉस्को कंपनी के नाम से फुटबाल और वालीबाल बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई है। कंपनी के लीगल प्रतिनिधियों की टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त छापामारी कर ये कार्रवाई की है। करीब दो हजार तैयार फुटबाल और वालीबाल भारी मात्रा में लोगो और प्रिंटिंग का सामान बरामद कर संचालक को हिरासत में ले लिया है।
ब्रह्मपुरी थाने के इंस्पेक्टर सतीश राय और एसएसआई विनय कुमार के अनुसार निव्या और कॉस्को कंपनी को सूचना मिली थी कि उनके ब्रांड के नाम से मेरठ के भगवतपुरा में नकली फुटबाल और वालीबाल बनाई जा रही हैं। इस सूचना पर उक्त कंपनियों का लीगल वर्क देख रही ब्रांड प्रोटेक्टर इंडिया कंपनी के अधिकारियों ने अपने स्तर से गोपनीय जानकारी जुटाई। मंगलवार शाम को इंवेस्टीगेटिंग ऑफिसर सैय्यद के नेतृत्व वाली टीम ब्रह्मपुरी थाने पहुंची और पुलिस को साथ लेकर भगवतपुरा में वर्षा स्पोर्टस के नाम से चल रही फैक्ट्री में छापा मारा। पुलिस के अनुसार फैक्ट्री से दोनों ब्रांड की करीब दो हजार वालीबाल और फुटबाल बरामद की गई। भारी मात्रा में ब्रांड के नाम से तैयार किए गए लोगो और प्रिंटिंग का सामान भी बरामद हुआ। टीम ने मौके से बरामद सामान कब्जे में लेकर सीज कर दिया और ब्रह्मपुरी थाने ले गई। संचालक नरेंद्र को भी मौके से हिरासत में ले लिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि देर रात इस संबंध में संचालक के खिलाफ कापी राइट एक्ट और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है।