द्रोपदेश्वर महादेव मंदिर के महंत से मारपीट मामले में ब्राह्मण समाज की बैठक
हस्तिनापुर। द्रोपदेश्वर महादेव मंदिर के महंत के साथ गत 18 मार्च को हुई मारपीट के विरोध में शनिवार को मंदिर परिसर में ब्राह्मण समाज की बैठक हुई। जिसमें ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कई मुद्दों पर विचार किया। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
18 मार्च को द्रोपदेश्वर महादेव मंदिर के महंत अनिल सारस्वत और उनके बेटे आदित्य के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। बैठक में ब्राह्मण समाज के लोगों ने मारपीट पर रोष जताया। बैठक में छह बिंदुओं पर चर्चा की गई, जिनमें महंत के साथ मारपीट करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने, ऐतिहासिक नगरी में प्राचीन मंदिरों पर कब्जा करने वाले लोगों के खिलाफ जांच करने तथा मंदिरों को कब्जा मुक्त कराने, द्रोपदेश्वर महादेव मंदिर में विद्युत व्यवस्था करने तथा पुलिस चौकी बनाने, मंदिर पर पर्यटन विभाग द्वारा छह महीने पूर्व बनाई गई कार्य योजना को धरातल पर लाने तथा पांडेश्वर महादेव मंदिर से द्रोपदेश्वर महादेव मंदिर के समीप से होकर द्रोपदी घाट तक पक्की सड़क के निर्माण के प्रस्ताव पर विचार किया गया। यह प्रस्ताव जिलाधिकारी को दिया जाएगा बैठक में गंगा शरण शर्मा, गौरव शर्मा, विजेंद्र शर्मा, प्रमोद कुमार, अविनाश शर्मा, डॉ. दिनेश शर्मा, अजीत मास्टर, सोनू शर्मा आदि रहे।