- स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी पर 23 सितंबर को होगा भव्य आयोजन
- ग्रामीण क्षेत्रों में स्वामी श्रद्धानंद के जीवन पर चलेंगे विशेष अभियान, होगा साहित्य वितरण
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा की आर्य समाज थापरनगर में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी वर्ष के तहत 23 सितंबर 2026 को जीमखाना मैदान में विशाल कार्यक्रम होगा।कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए सर्व सम्मति से समाज के राजेश सेठी को अधिकृत किया गया है।
राजेश सेठी ने बताया कि आयोजन में जनपद की सभी आर्य समाज उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी और गुरुकुलों के ब्रह्मचारी भी कार्यक्रम में सहभागी होंगे। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विद्वान कार्यक्रम में मार्गदर्शन देंगे।
चंद्रकांत ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी के संस्थापक स्वामी श्रद्धानंद का जीवन अत्यंत प्रेरणादायक है। अशोक सुधाकर ने कार्यक्रम को भव्य और अविस्मरणीय बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।
केंद्रीय समिति के प्रधान डॉ. वीरेंद्र आर्य ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद का जीवन युवाओं में नई प्रेरणा का संचार करेगा। जिला प्रधान जिले सिंह ने बताया कि ग्रामीण अंचल में स्वामी श्रद्धानंद के जीवन से लोगों को परिचित कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मंत्री नागेंद्र सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में साहित्य का वितरण किया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष ऋषिपाल आर्य, ओमवीर पाथोली, सत्यपाल मेहंदीरत्ता, योगेश मुवार, अरविंद कुमार, प्रीति सेठी, अपर्णा अग्रवाल, मांगेराम, सुशील त्यागी आदि मौजूद रहे।