मोदीपुरम। तीन दिन पहले हरि अपार्टमेंट कॉलोनी की लिफ्ट में वृद्ध दंपती व नवजात के फंसने के मामले में विद्युत विभाग ने पत्र भेजकर लिफ्ट बंद किए जाने के निर्देश जारी किए गए। लिफ्ट के ठीक होने तक दोनों लिफ्टों का संचालन बंद रहेगा।
रुड़की रोड स्थित हरि अपार्टमेंट काॅलोनी की पांचवे तल पर डाॅ. एसपी सिंह का परिवार रहता है। शनिवार सुबह डॉ. एसपी सिंह, अपनी पत्नी सुंदरी देवी और पोते को लेकर अपार्टमेंट से नीचे घूमने गए थे। वह लिफ्ट से वापिस फ्लैट में जा रहे थे। दूसरी-तीसरी मंजिल के बीच जाकर लिफ्ट खराब हो गई। कालोनीवासियों और पुलिस ने तीनों को किसी तरह बाहर निकाला था। आए दिन लिफ्ट खराब होती रहती है। विद्युत विभाग ने मौके पर जांच की। लिफ्ट में कई खामियां पाई गई और मानक भी पूरे नहीं मिले। इस पर विद्युत सुरक्षा उत्तर प्रदेश शासन मेरठ जोन के सहायक निदेशक इं. पुलकित कुमार ने हरि ओम अपार्टमेंट सहकारी आवासीय समिति के पदाधिकारी को पत्र भेजा और लिफ्ट बंद रखने के निर्देश दिए। सोमवार को सचिव कृष्णकांत ने नोटिस बोर्ड पर लिफ्ट पूरी तरह ठीक न होते तक बंद रहने का नोटिस चस्पा कर दिया। उधर, लिफ्ट बंद होने से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सात मंजिल का अपार्टमेंट है और बिना लिफ्ट के आवागमन मुश्किल हो रहा है। कॉलोनी निवासी अनुज, डॉ. योगेश, अमित ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद भी पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। मंगलवार को इस मामले में एसएसपी से मिला जाएगा।