मेरठ। कंकरखेड़ा क्षेत्र निवासी एक परिवार ने अपनी बेटी के साथ हुई छेड़छाड़ और खुद पर हुए जानलेवा हमले के मामले में थाना पुलिस पर आरोपियों की मदद करने का आरोप लगाया है। बृहस्पतिवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचे पीड़ित पक्ष ने मुकदमे की जांच किसी अन्य थाना पुलिस से कराए जाने की मांग की।
खड़ौली गांव का रहने वाला परिवार बृहस्पतिवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचा। परिवार के मुखिया ने आरोप लगाया कि गांव के रहने वाले कुछ दबंगों ने 16 सितंबर को उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट करते हुए उसके हाथ की हड्डी तोड़ दी। उसकी पत्नी के दोनों हाथ तोड़ डाले। आरोप है कि घटना के आठ दिन बाद थाना पुलिस ने किसी भी नामजद आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। उल्टा पीड़ित पक्ष पर आरोपियों के साथ समझौता न करने पर उन्हें ही जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित पक्ष ने थाना पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मुकदमे की जांच किसी अन्य थाने से कराए जाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उधर, एसएसपी डा. विपिन ताडा का कहना है कि सीओ दौराला को निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। संवाद