संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। क्षेत्र के अटेरना पुल से एक अज्ञात शव के पानी के बहाव में बहते हुए दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने शव को समय रहते बाहर नहीं निकाले जाने को लेकर सवाल उठाए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव किसी पुरुष का प्रतीत हो रहा था। वह पानी के तेज बहाव के साथ आगे बढ़ता रहा और कुछ ही देर में लोगों की नजरों से ओझल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बहता हुआ शव अटेरना पुलिस चौकी और दौराला पुलिस चौकी के सामने वाले क्षेत्र से भी होकर गुजरा। उनका आरोप है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान कराई जा सकती थी।
वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोगों ने इसे लापरवाही बताया है, जबकि अन्य का कहना है कि पानी के तेज बहाव और परिस्थितियों के कारण तत्काल कार्रवाई करना संभव नहीं रहा होगा। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने पर आवश्यक जांच कराई जाएगी।