मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के पंचवटी एनक्लेव के पास शुक्रवार को झाड़ियों में एक बुजुर्ग का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से शिनाख्त का प्रयास किया। बाद में मृतक की पहचान सूरज भान (75) निवासी हवाई पट्टी कॉलोनी के रूप में की गई।
पुलिस ने बताया कि वह किराए के मकान में रह रहा था। मृतक के बेटे जितेंद्र ने बताया कि उनके पिता काफी समय से बीमार थे और उन्हें दौरे भी पड़ते थे। इसके अलावा वह कूड़ा बीनने का काम करते थे। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि मृतक रिठानी व आसपास के क्षेत्र में कूड़ा बीनने का काम करता था। मृत्यु का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।