बेड पर मृत मिली पत्नी, फंदे से लटका था प्रदीप
शनिवार को हरदोई निवासी प्लांट ऑपरेटर प्रदीप (35) का शव फंदे पर लटका मिला। उसकी पत्नी मधु यादव (30) कमरे में ही बेड पर मृत मिली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रदीप ने मधु की हत्या कर फंदा लगाकर खुदकुशी की है। पुलिस के मुताबिक, दंपती में पिछले कुछ महीने से विवाद चल रहा था। प्लांट के आसपास की सीसीटीवी फुटेज में शनिवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे मधु फोनपर बात करती हुई कमरे की ओर जाती दिख रही है। उनके पीछे प्रदीप भी कमरे में चला गया। इसके बाद वापस नहीं लौटे।
शाम करीब साढ़े चार बजे दूसरा ऑपरेटर रामकर्ण कमरे में जाता नजर आ रहा है। प्रदीप ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद फंदा लगाकर जान दी है। दंपती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मधु के भाई शिवशंकर ने बताया कि प्रदीप चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह पल्लवपुरम फेस दो स्थित एसटीपी प्लांट में ठेकेदार के अधीन ऑपरेटर का कार्य करता था और पत्नी और बेटे यश के साथ एन पॉकेट में किराए पर रहता था।
शिवशंकर के मुताबिक, प्रदीप अपनी पत्नी और बेटे के साथ होली का त्योहार मनाने गांव गया था, शनिवार को ही वह पल्लवपुरम लौटे थे। दोपहर में वह पत्नी मधु यादव के साथ प्लांट के कमरे में चले गए।
इससे पहले उन्होंने अपने 12 साल का बेटे यश को उसके मामा के घर फेस वन में भेज दिया था। शनिवार देर शाम दूसरा ऑपरेटर रामकर्ण प्लांट पर पहुंचा तो उसने कमरे में जाकर देखा तो प्रदीप फंदे पर लटका हुआ था और मधु का शव बेड पर पड़ा था। रामकर्ण ने मामले की सूचना शिवशंकर को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आशंका यह भी है कि पैतृक घर जाने के दौरान दंपती में किसी बात को लेकर विवाद हुआ हो।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा कारण स्पष्ट
प्राथमिक जांच में दंपती में विवाद की जानकारी मिली है। मधु की हत्या कर प्रदीप के आत्महत्या करने की बात सामने आई है। हालांकि अभी जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोनों की मौत का कारण स्पष्ट होगा। - प्रकाशचंद्र अग्रवाल, सीओ दौराला
मधु के गले पर निशान, उलझी रही पुलिस
मौके पर पहुंची पुलिस ने गहनता से पड़ताल की। दंपती अपने घर न जाकर प्लांट के कमरे में गए थे। हालांकि यह कमरा भी प्रदीप ऑपरेटर होने के नाते इस्तेमाल कर लेते थे। लेकिन फिर भी घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे थे। वहीं कोई सुसाइड नोट न मिलने से भी संशय पैदा हो रहा था। इसके चलते पुलिस देर तक उलझी रही। पुलिस को फुटेज में कोई और शख्स के कमरे में जाता न दिखा और मधु के गले पर निशान दिखे। हालांकि आसपास के अन्य फुटेज भी खंगालकर और मोबाइल आदि की जांच की जा रही है।