मरीज की मौत के बाद अस्पताल में की गई तोड़फोड़।
- फोटो : MAWANA
बहसूमा(मेरठ)। कस्बा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती सेवानिवृत्त अमीन की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा कर दिया। गुस्साए लोगों ने स्टाफ और चिकित्सक से मारपीट कर अस्पताल में तोड़फोड़ की। पुलिस ने चिकित्सक को थाने में बैठा लिया। चिकित्सक ने भी तहरीर देते की बात कही। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों पक्षों में फैसला हो गया।
कस्बे के मोहल्ला छिप्पीवाला निवासी अशोक गिरी (70) सेवानिृवत्त अमीन थे। बुखार होने पर परिजनों ने उन्हें सोमवार रात निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ व चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। स्टाफ और चिकित्सक ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो उन्होंने मारपीट कर दी। चिकित्सक व स्टाफ ने जैसे तैसे वहा से भागकर जान बचाई। मृतक के परिजनों ने थाने पहुंचकर चिकित्सक की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने चिकित्सक को बुलवा लिया। अमीन के परिजनों ने बताया कि रात में एक बार ड्रिप लगाने के बाद सुबह तक किसी ने देखा। सुबह तबीयत खराब होने की सूचना के बाद चिकित्सक नहीं आए। थाने में मृतक के परिजनों व चिकित्सक की तरफ से आए लोगों में कई बार नोंकझोंक भी हुई। चिकित्सक ने भी मृतक के परिजनों के खिलाफ मारपीट व तोड़फोड़ करने की तहरीर लिख ली। अशोक के बेटे अनिल कुमार के हरिद्वार से आने पर चिकित्सक ने खेद प्रकट किया। तीन घंटे की मशक्कत के बाद मामला निपटा। अनिल कुमार ने कोई कार्रवाई नहीं करने की बात कही। इस संबंध में सीओ मवाना उदय प्रताप सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में आपसी सहमती से फैसला हो गया है।
मरीज की मौत के बाद अस्पताल में विलाप करते परिजन।- फोटो : MAWANA